ग्वालियर। शहर की होनहार खिलाड़ी नंदिता शर्मा का चयन भारतीय महिला सॉफ्ट हॉकी टीम में हो गया है। वह पहली ऐसी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने मध्य प्रदेश से भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम में अपनी जगह बनाई है। नंदिता अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
पाकिस्तान सहित कई देशों के खिलाफ खेलेंगी
बता दें कि, नंदिता शर्मा नेपाल में आयोजित होने वाली 'प्रथम साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैंपियनशिप 2026' में भारतीय टीम की तरफ से मैदान पर उतरेंगी। इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा पाकिस्तान, भूटान और मेजबान नेपाल की टीमें खिताबी मुकाबले के लिए आपस में खेलेंगी।
ये भी पढ़िए ...
ग्वालियर की अनुष्का शर्मा का इंडिया टीम में चयन
सतना की अस्मि का जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में चयन
भोपाल की क्रिकेटर निकिता का भारतीय महिला टीम में चयन
कोच भटनागर बोले- प्रदेश का नाम रोशन करेंगी
मध्य प्रदेश एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन के सचिव और एनआईएस (NIS) हॉकी कोच अविनाश भटनागर ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। नंदिता ने कोच अविनाश भटनागर के मार्गदर्शन में ही इस खेल की बारीकियां सीखीं और कड़ा प्रशिक्षण लिया है। कोच भटनागर ने इसे मध्य प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नंदिता अपनी बेहतरीन तकनीक और खेल के दम पर न केवल देश को जीत दिलाएंगी, बल्कि प्रदेश का नाम भी रोशन करेंगी।
बचपन से खेल के प्रति समर्पण
नंदिता के इस अंतरराष्ट्रीय चयन से उनके परिवार और पूरे ग्वालियर में जश्न का माहौल है। नंदिता के पिता आनंद शर्मा और माता मधु शर्मा ने बेटी की इस कामयाबी पर बेहद खुशी जताई है। माता-पिता का कहना है कि नंदिता ने बचपन से ही खेल के प्रति गजब का समर्पण दिखाया है और आज उसकी मेहनत रंग लाई है। पूरे मध्य प्रदेश को अब नंदिता से इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
सन्दर्भ स्रोत/छाया : अविनाश भटनागर



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *