देवास/इंदौर। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रथम वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में देवास की शिक्षिका एवं योगासन खिलाड़ी भावना पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया। उन्होंने सीनियर बैक बेंड इंडिविजुअल इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 78 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। कड़े प्रतिस्पर्धी माहौल के बावजूद भावना पाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया।
जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्र ने बताया कि यह चैंपियनशिप 4 से 8 जून तक अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दूसरे दिन हुए बैक बेंड इंडिविजुअल इवेंट में भावना ने रजत पदक हासिल किया।
भावना पाल ने बताया कि विश्व चैंपियनशिप तक पहुंचने के लिए उन्हें जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के साथ कई चयन ट्रायल्स से गुजरना पड़ा। राष्ट्रीय पदक विजेताओं और एशियाई स्तर के खिलाड़ियों के बीच हुए ट्रायल्स में चयन के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए राष्ट्रीय कोचिंग कैंप में प्रतिदिन सुबह और शाम तीन-तीन घंटे अभ्यास किया गया। कई बार अभ्यास का समय इससे भी अधिक रहा। फाइनल राउंड में पांच योगासन प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर निर्णायकों ने मूल्यांकन किया।
भावना पाल वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय देवास में शिक्षिका हैं। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय सफलता पर शिक्षा विभाग, खेल जगत और देवासवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *