इंदौर। सपनों की नगरी मुंबई में अपनी पहचान बनाना आसान नहीं माना जाता, लेकिन इंदौर की कलाकार सोनल सिंह ने लगातार संघर्ष और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज 'विमल खन्ना' में सोनल अहम भूमिका निभा रही हैं। वे शालिनी नाम की उस लड़की के किरदार में नजर आई हैं, जो अचानक गुम हो जाती है और पूरी कहानी उसकी तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है।
यह वेब सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुई है। सीरीज में मौजूद सभी प्रमुख किरदार शालिनी की खोज से जुड़े हुए हैं, जिससे कहानी में रोमांच बना रहता है।
ये भी पढ़िए ...
‘लापता लेडीज’ में दमदार अभिनय से छा गई छिंदवाड़ा की खुशबू
भोपाल की स्वाति ने अभिनय की खातिर छोड़ी सरकारी नौकरी
फिल्म ‘आखिरी सवाल’ में इंदौर की आयुषी बनी पत्रकार
मुंबई में बना रहीं नई पहचान
आईटी की पढ़ाई के बाद अभिनय को करियर बनाने का फैसला करने वाली सोनल ने मुंबई को अपना ठिकाना बनाया। मुंबई पहुंचने के बाद सोनल ने अभिनय की दुनिया में जगह बनाने के लिए लंबा संघर्ष किया। उन्होंने कई ऑडिशन दिए, आर्थिक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन अभिनय सीखने और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश कभी नहीं छोड़ी। सोनल का कहना है कि हार न मानना ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
अब तक वे एक अवार्ड विनिंग शॉर्ट फिल्म, कई म्यूजिक वीडियोज और अंतरराष्ट्रीय विज्ञापनों में नजर आ चुकी हैं। अपनी मेहनत और लगन के दम पर वे मनोरंजन जगत में लगातार नई पहचान बना रही हैं।
1300 ऑडिशन के बाद हुआ चयन
उनके करियर में बड़ा मोड़ तब आया, जब निर्माता पीयूष दिनेश गुप्ता की नजर उन पर पड़ी। इस किरदार के लिए करीब 1300 ऑडिशन लिए गए थे, जिसके बाद सोनल सिंह का चयन किया गया। सीरीज में अभिनेता सनी हिंदूजा भी अहम भूमिका में हैं। पीयूष दिनेश गुप्ता इससे पहले 'रक्तांचल', 'शिक्षा मंडल' और 'इंटरोगेशन' जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं।
सन्दर्भ स्रोत : दैनिक भास्कर
छाया : सोनल सिंह के फेसबुक अकाउंट से



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *