इंदौर। भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम का श्रीलंका दौरे के लिए ऐलान कर दिया गया है। इस टीम में इंदौर की अनादि तागड़े (anadi-tagde) को भी जगह मिली है। टीम में मध्य प्रदेश से शामिल होने वाली वह इकलौती खिलाड़ी हैं। अनादि का चयन वनडे और टी-20 दोनों टीमों में किया गया है।
अनादि की मां दीप्ति तागड़े स्वयं क्रिकेटर रह चुकी हैं और उन्होंने ही बेटी को शुरुआती प्रशिक्षण दिया। मां से प्रशिक्षण लेने के बाद अनादि ने क्रिकेट क्लब ज्वाइन किया। मात्र 9 साल की उम्र में उनकी तेज गेंदबाजी से प्रभावित होकर 2017 में उनका चयन अंडर-19 टीम के लिए किया गया था।
तेज गेंदबाजी से बनाई खास पहचान
• उन्होंने छोटी उम्र में ही अपनी गेंदबाजी से पहचान बनाई। उन्हें अक्सर ‘वंडर गर्ल’ के नाम से जाना जाता है। वह मुख्य रूप से तेज गेंदबाज हैं और खुद को एक बॉलिंग ऑलराउंडर मानती हैं।
• उन्होंने सिर्फ 9 साल की उम्र में राज्य की अंडर-19 टीम में जगह बना ली थी। इसके पीछे उनकी मां की मेहनत और मार्गदर्शन का बड़ा योगदान रहा।
• शुरुआती प्रशिक्षण के बाद उन्होंने हैप्पी वांडरर्स क्लब ज्वाइन किया, जहां उनके खेल को नई दिशा मिली।
ये भी पढ़िए ...
ग्वालियर की अनुष्का शर्मा का इंडिया टीम में चयन
निशानेबाज श्रेया अग्रवाल ने टीम इंडिया की ट्रायल में शीर्ष स्थान पर किया कब्जा
वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स : भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी एथलीट मंजू यादव
हैट्रिक लेकर बनीं सुर्खियों में
• अनादि उस समय चर्चा में आई थीं जब महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी मैच में मध्य प्रदेश ने सिक्किम को 152 रन से हराया था।
• 184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिक्किम की टीम 31 रन पर ऑल आउट हो गई थी।
• इस मुकाबले में अनादि ने 4 ओवर में सिर्फ 8 रन देकर 6 विकेट लिए थे, जिसमें एक हैट्रिक भी शामिल थी।
• उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें एमपीसीए के हेड कोच चंद्रकांत पंडित से ट्रेनिंग लेने के लिए हाई परफॉर्मेंस कैंप में भी चुना गया था।
क्रिकेट के साथ पढ़ाई पर भी फोकस
अनादि अपने पसंदीदा क्रिकेटर के रूप में हार्दिक पांड्या और हरमनप्रीत कौर को मानती हैं।
क्रिकेट के साथ-साथ वह पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देती हैं।
दौरे के दौरान भी वह किताबें साथ लेकर जाती हैं और पढ़ाई जारी रखती हैं।
वह बताती हैं कि इसमें यूट्यूब और कृत्रिम मेधा (AI) से भी काफी मदद मिलती है।
वह सुबह 8:30 बजे से अभ्यास शुरू करती हैं और भोजनावकाश के बाद बल्लेबाजी पर भी मेहनत करती हैं।
अनादि का मानना है कि यदि अगले पांच वर्षों तक वह जमीन से जुड़ी रहीं और लगातार मेहनत करती रहीं तो वह निश्चित रूप से भारतीय महिला टीम की अहम खिलाड़ी बन सकती हैं।\
सन्दर्भ स्रोत/छाया : नईदुनिया
सम्पादन : मीडियाटिक डेस्क



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *