भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस की इंस्पेक्टर दीपिका गौतम deepika-gautam ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर नया इतिहास रच दिया है। वह मध्यप्रदेश पुलिस की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं, जिन्होंने इस विश्व प्रसिद्ध पर्वत को फतह किया है।
वर्तमान में दीपिका गौतम एससीआरबी (SCRB), पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ हैं। उन्होंने 29 मई को करीब 5,895 मीटर ऊंचे माउंट किलिमंजारो की चोटी पर पहुंचकर यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह रही कि इस अंतरराष्ट्रीय अभियान में वह भारत की एकमात्र प्रतिभागी थीं।
सपनों को नहीं छोड़ा पीछे
दीपिका गौतम का कहना है कि नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अक्सर लोग अपने सपनों को पीछे छोड़ देते हैं, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं होने दिया। उनका मानना है कि "सपनों के बिना जिंदगी अधूरी होती है", और इसी सोच ने उन्हें माउंट किलिमंजारो की चोटी तक पहुंचाया।
ये भी पढ़िए ...
56 की उम्र में माउंट किलिमंजारो को फतह करने वाली सबसे उम्रदराज भारतीय महिला बनीं सुनीता
इंदौर की आकांक्षा ने फतह की यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रूस
पर्वतारोही सुनीता सिंह ने नेपाल के माउंट लोबुचे शिखर पर लहराया तिरंगा
पांच दिन का कठिन अभियान
माउंट किलिमंजारो अभियान पांच दिनों तक चला, जो बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। इस दौरान तीन बेस कैंप पार करने के बाद अंतिम चढ़ाई रात में शुरू की गई। अभियान के दौरान तापमान माइनस 10 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि मौसम लगातार बदलता रहा, जिससे कठिनाइयां और बढ़ गईं।
पहले भी कर चुकी हैं कई ट्रेक
हालांकि यह उनका पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान था, लेकिन इससे पहले दीपिका गौतम कई बार अमरनाथ यात्रा और केदारनाथ ट्रेक पूरा कर चुकी हैं। वह खुद को मल्टीटास्किंग मानती हैं और लगातार नई चुनौतियों को स्वीकार करने में विश्वास रखती हैं।
अगले मिशन की तैयारी
माउंट किलिमंजारो फतह करने के बाद अब दीपिका गौतम का अगला लक्ष्य भी तय हो चुका है। हालांकि उन्होंने फिलहाल इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन संकेत दिए हैं कि अगले वर्ष वह विदेश में एक और बड़े पर्वतारोहण अभियान का हिस्सा बन सकती हैं।



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *