सागर। नगर की वरिष्ठ सांस्कृतिक कर्मी, संगीत एवं साहित्य क्षेत्र की सक्रिय हस्ती डॉ. कविता शुक्ला को एक साथ दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। उन्हें भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रतिष्ठित फैलोशिप प्रदान की गई है, वहीं प्रसार भारती के अंतर्गत आकाशवाणी छतरपुर की संगीत स्वर चयन समिति में भी पुनः नामित किया गया है।
डॉ. कविता नगर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था श्रुतिमुद्रा की सचिव हैं और पिछले तीन दशकों से संगीत, साहित्य, लोकसंस्कृति एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए संस्कृति मंत्रालय ने उन्हें फेलोशिप से सम्मानित किया है। यह फेलोशिप कला, संस्कृति और शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चुनिंदा विद्वानों को प्रदान की जाती है।
आकाशवाणी छतरपुर के उप महानिदेशक द्वारा डॉ. कविता शुक्ला को संगीत स्वर परीक्षण के लिए निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है। आकाशवाणी के प्रसार निष्पादक रविन्द्र कुमार ने उन्हें चयन पत्र सौंपकर शुभकामनाएं दीं। उनके चयन से बुंदेलखंड के संगीत कलाकारों को नई दिशा और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
डॉ. कविता शुक्ला की इन उपलब्धियों पर संगीत, साहित्य और संस्कृति जगत से जुड़े अनेक लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *