ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर की बेटी कृष्णा शर्मा ने अपने शानदार खेल से पूरे शहर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। कड़ी मेहनत और बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत कृष्णा का चयन भारतीय अंडर-21 महिला हॉकी टीम में हुआ है। वह 5 जुलाई से शुरू होने वाले यूनाइटेड किंगडम दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। संघर्ष, मेहनत और परिवार के सहयोग से टीम इंडिया तक पहुंची कृष्णा की कहानी हर बेटी के लिए प्रेरणा बन गई है।
जूनियर टीमों के खिलाफ टेस्ट मुकाबले
हॉकी इंडिया द्वारा घोषित टीम स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी, जहां भारतीय टीम स्कॉटलैंड, इंग्लैंड, अमेरिका और बेल्जियम की जूनियर टीमों के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेगी।
स्कर्ट पहनने पर मिले ताने, फिर भी नहीं मानी हार
हॉकी खेलते समय स्कर्ट पहनने को लेकर समाज के कुछ लोगों ने उन्हें ताने दिए, लेकिन कृष्णा शर्मा ने हर आलोचना का जवाब अपने खेल से दिया। आज वही बेटी भारत की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करने जा रही है। उनके पिता सुनील शर्मा ने हर परिस्थिति में बेटी का साथ दिया।
ये भी पढ़िए ....
नंदिता भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम में चयनित
दर्पण खेल मैदान से उड़ीसा तक, हॉकी में सपने साकार करतीं नेहा सिंह
ऑल इंडिया महिला हॉकी प्राइज मनी टूर्नामेंट : योगिता वर्मा करेंगी नेतृत्व
एमपी हॉकी अकादमी से की शुरुआत
वर्ष 2019 में मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी से हॉकी की शुरुआत की। 2023 में भारतीय अंडर-18 टीम के साथ नीदरलैंड और बेल्जियम टेस्ट सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
प्रमुख उपलब्धियां
• 14वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप (हैदराबाद) में सिल्वर मेडल, दो बार प्लेयर ऑफ द मैच (2022)
• खेलो इंडिया यूथ गेम्स (ग्वालियर) में सिल्वर मेडल (2023)
• 29वीं चरनजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (दिल्ली) में सिल्वर मेडल
• हॉकी इंडिया जूनियर वेस्ट ज़ोन चैंपियनशिप (छत्तीसगढ़) में गोल्ड मेडल और प्लेयर ऑफ द मैच (2024)
• 31वें चरनजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (नई दिल्ली) में गोल्ड मेडल तथा टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
• प्रथम हॉकी इंडिया इंटर ज़ोन राष्ट्रीय चैंपियनशिप (रांची) में ब्रॉन्ज मेडल
• खेलो इंडिया यूथ गेम्स (बिहार) में ब्रॉन्ज मेडल (2025)
• 15वीं जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप (काकीनाडा) में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व
• यूनिवर्सिटी वेस्ट ज़ोन प्रतियोगिता (पुणे) में गोल्ड मेडल
• ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी हॉकी टूर्नामेंट (भुवनेश्वर) में टीम चौथे स्थान पर रही (2026)
यूनाइटेड किंगडम दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व
अब कृष्णा शर्मा भारतीय अंडर-21 महिला हॉकी टीम के साथ यूनाइटेड किंगडम दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी सफलता हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर हर सपना पूरा किया जा सकता है।
ग्वालियर और पूरे मध्यप्रदेश में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि कृष्णा शर्मा भविष्य में सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में भी अपनी जगह बनाकर देश के लिए कई बड़े मेडल जीतेंगी।



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *