पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट : गर्भपात के लिए विवाहिता की इच्छा ही निर्णयक

blog-img

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट : गर्भपात के लिए विवाहिता की इच्छा ही निर्णयक

चंडीगढ़। गर्भपात के लिए विवाहित महिला की इच्छा और सहमति ही सर्वोपरि है। इसके लिए पति की अनुमति न तो आवश्यक है और न ही कानून इसकी मांग करता है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने महिलाओं की शारीरिक स्वायत्तता और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को संवैधानिक संरक्षण देते हुए यह महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। 

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब की रहने वाली 21 वर्षीय महिला ने 16 सप्ताह के गर्भ को समाप्त करने की अनुमति मांगी थी। याचिका को स्वीकारते हुए जस्टिस सुवीर सहगल ने फैसला सुनाया है।  याचिकाकर्ता ने बताया था कि उनका विवाह 2 मई 2025 को हुआ। विवाह के तुरंत बाद ही वैवाहिक संबंध अत्यंत तनावपूर्ण हो गए। पति के साथ संबंधों में गंभीर खटास के चलते दोनों के बीच तलाक की कार्यवाही चल रही है, जिसके कारण वह लंबे समय से मानसिक अवसाद और चिंता से गुजर रही हैं। 

महिला ने कहा कि अनचाही गर्भावस्था ने उनकी मानसिक स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने पीजीआई चंडीगढ़ को निर्देश दिया कि एक मेडिकल बोर्ड गठित कर याचिकाकर्ता की जांच करे और रिपोर्ट दे कि गर्भपात चिकित्सकीय रूप से संभव और सुरक्षित है या नहीं। 

बोर्ड ने यह दी थी रिपोर्ट 

इसके अनुपालन में गठित मेडिकल बोर्ड ने याचिकाकर्ता की जांच की। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि अल्ट्रासाउंड जांच के अनुसार याचिकाकर्ता की गर्भावस्था 16 सप्ताह और 1 दिन की है, गर्भ में एकल जीवित भ्रूण है और किसी प्रकार की जन्मजात विकृति नहीं पाई गई है।  रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि महिला पिछले छह महीनों से अवसाद और चिंता के लक्षणों से पीड़ित है, तलाक की प्रक्रिया और गर्भावस्था को लेकर वह गंभीर मानसिक तनाव में है, हालांकि वह मानसिक रूप से इतनी सक्षम है कि स्वतंत्र रूप से अपनी सहमति दे सके। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट राय दी कि महिला चिकित्सकीय रूप से गर्भपात के लिए पूरी तरह फिट है। 

पूर्व में दिए निर्णयों के आधार पर फैसला 

इन तथ्यों के आधार पर कोर्ट के समक्ष मुख्य प्रश्न यह था कि क्या गर्भपात के लिए पति की सहमति आवश्यक है। इस प्रश्न का उत्तर देते हुए कोर्ट ने मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी एक्ट, 1971 की व्याख्या की और पूर्व में दिए गए कई निर्णयों का हवाला दिया। कोर्ट ने दो टूक कहा कि कानून में कहीं भी पति की सहमति का कोई प्रविधान नहीं है न तो स्पष्ट रूप से और न ही अप्रत्यक्ष रूप से। 

कोर्ट ने यह भी दोहराया कि एक विवाहित महिला ही यह तय करने की सर्वश्रेष्ठ निर्णायक है कि वह गर्भावस्था जारी रखना चाहती है या उसे समाप्त करना चाहती है। अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला की सहमति और इच्छा ही निर्णायक है, इसके अतिरिक्त किसी अन्य अनुमति की आवश्यकता नहीं। 

अंतत हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता एक सप्ताह के भीतर पीजीआई चंडीगढ़ या किसी अन्य अधिकृत अस्पताल से सुरक्षित तरीके से गर्भपात करवा सकती है। साथ ही अस्पताल को निर्देश दिए गए कि प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक सावधानियां और चिकित्सकीय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।

Comments

Leave A reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *



हिप्र मंडी कोर्ट : दूसरी पत्नी को भी मिलेगा पहली जैसा अधिकार
अदालती फैसले

हिप्र मंडी कोर्ट : दूसरी पत्नी को भी मिलेगा पहली जैसा अधिकार

कोर्ट का बड़ा फैसला; पति के लापता होने पर किया था दूसरा विवाह गुजारा भत्ता देना ही होगा

महिला की गरिमा और आश्रय अधिकार पर मद्रास हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
अदालती फैसले

महिला की गरिमा और आश्रय अधिकार पर मद्रास हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी

अदालत ने आदेश दिया कि दोषियों को पीड़ित महिला को उचित मुआवजा देना होगा और उसके घर का तत्काल पुनर्निर्माण भी करना होगा।

सुप्रीम कोर्ट : जैसे ही तलाक की कार्यवाही
अदालती फैसले

सुप्रीम कोर्ट : जैसे ही तलाक की कार्यवाही , शुरू होती है, हर कोई बेरोजगार बन जाता है

इस मामले में पत्नी ने तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, सुनवाई के दौरान पति ने कहा कि उसे तलाक नहीं चाहिए।

पटना हाई कोर्ट : आपसी सहमति से
अदालती फैसले

पटना हाई कोर्ट : आपसी सहमति से , तलाक के लिए 1 वर्ष अलग रहना जरूरी

खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि 'अलग रहना' का अर्थ केवल भौतिक दूरी नहीं, बल्कि वैवाहिक संबंधों का पूर्णतः समाप्त होना है। 

इलाहाबाद हाई कोर्ट : पति के खिलाफ केस दर्ज  कराना
अदालती फैसले

इलाहाबाद हाई कोर्ट : पति के खिलाफ केस दर्ज कराना , आत्महत्या के लिए उकसाने का कारण नहीं

कोर्ट ने पत्नी और परिवार के खिलाफ कार्यवाही रद की, ‘दुराशय’ का कोई प्रमाण नहीं